Weather Update: देश में मौसम करवट ले रहा है। अब ज़्यादातर राज्यों में तेज़ गर्मी पड़ रही है। कड़ी धूप और भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। लेकिन आज, 18 अप्रैल को, मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देखा जा रहा है। आज कई राज्यों में बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
देश की राजधानी दिल्ली में आज दिन भर तेज़ सतही हवाएँ चलने की संभावना है और अधिकतम तापमान गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, कल दिल्ली में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान में गर्मी से मिलेगी राहत?
राजस्थान में अगले 24 घंटों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 अप्रैल से हिमालय के पश्चिमी भाग पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज़्यादा असर 19 और 20 अप्रैल को देखने को मिलेगा। इसकी वजह से राजस्थान में लू का प्रभाव कम होगा। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, राज्य में आज अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मौसम की जानकारी देने वाली एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 18 और 19 अप्रैल को बारिश के साथ हल्की से मध्यम बर्फबारी भी हो सकती है। 18 अप्रैल को पूर्वी बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों और उत्तरी पंजाब में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तटीय ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद की जा सकती है। इसके साथ ही, कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल और दक्षिणी कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है।
इन राज्यों में लू का खतरा
वहीं, अगले 2-3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और गुजरात में अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा, आज पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू चलने की आशंका है। पूर्वी राजस्थान में 19 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है।