Weather Update: राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। पटना समेत सभी जिलों में आंशिक बादल छाए रहने, कई जिलों में भारी बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से जबरदस्त राहत दी है। मानसून की ये पहली बारिश बिहार के लोगों के लिए खुशखबरी लेकर आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, मानसून रोहतास, गया, कैमूर, नवादा, सुपौल और मुंगेर में प्रवेश कर चुका है। अगले 48 घंटों के अंदर पूरे राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।

इन जिलों में रहें सावधान

राजधानी के पूर्वी छोर पर मानसून के सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग ने अगले 24-48 घंटों के दौरान कुछ जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। मानसून के सक्रिय होने के कारण नवादा, गया और पश्चिमी चंपारण के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पटना समेत शेष हिस्सों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले तीन-चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा।

इन जिलों में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश

मानसून के आगमन के साथ ही गया, औरंगाबाद, भभुआ (कैमूर), नालंदा, रोहतास, बक्सर, नालंदा और पश्चिमी चंपारण के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हुई। गया जिले में विभिन्न जगहों पर बारिश दर्ज की गई, जिसमें डोभी में सबसे अधिक 105 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दूसरी ओर, बुधवार को पटना में 1.2 मिमी और गया में 37.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोपालगंज में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।