Viral Video News: यूपी के बागपत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह फुटेज एक रेस्टोरेंट का बताया जा रहा है, और इसमें जो दिख रहा है, वह वाकई में किसी को भी डरा सकता है।
दरअसल, रेस्टोरेंट के एक कमरे में मनोज नाम का एक युवक गहरी नींद में सोया हुआ था, उसने चादर ओढ़ी हुई थी। और उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि मौत उसके कमरे में धीरे-धीरे घुस रही है। अचानक, एक जहरीला सांप कमरे में दाखिल होता है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सांप रेंगता हुआ सीधा उस चादर के ऊपर चढ़ जाता है जिसे मनोज ओढ़े हुए था। फिर, पलक झपकते ही, सांप मनोज को डंस लेता है।
सांप के डंसने से मनोज की नींद खुलती है और वह दर्द और डर से बुरी तरह चीखता हुआ बिस्तर से कूदकर भागता है। बेचारा मनोज, उसे क्या पता था कि उसकी किस्मत में यह खौफनाक रात लिखी है। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगती है। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया जाता है, लेकिन अफसोस, रास्ते में ही उसकी सांसें थम जाती हैं।
यह दुखद घटना छपरौली थाना क्षेत्र के लम्बू गांव की है। मनोज अपने परिवार का पेट पालने के लिए उस रेस्टोरेंट में काम करता था। हर रोज की तरह शुक्रवार की रात को रेस्टोरेंट बंद होने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था। कौन जानता था कि यह उसकी आखिरी रात होगी? कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई, और अब यह फुटेज इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो रहे हैं।
#Watch: बागपत के रेस्टोरेंट में काम के बाद एक युवक चादर ओढ़कर सो गया। आधी रात को एक सांप उसके कमरे में घुस आया और युवक को डंस लिया। सांप के डसने से युवक की बाद में मौत हो गई। जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।#Baghpat #UttarPradesh pic.twitter.com/D6wi6MhSKB
— Hindustan (@Live_Hindustan) May 18, 2025
मनोज की हालत बिगड़ते ही उसके घरवालों को खबर दी गई। वे तुरंत भागे-भागे आए और उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन होनी को कौन टाल सकता है? मनोज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गांव के लोग बताते हैं कि मनोज बहुत ही मेहनती और सीधा-सादा लड़का था। वह अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। कुछ साल पहले ही उसके पिता का भी देहांत हो गया था, और अब वह अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था। उसका बड़ा भाई गांव से बाहर रहकर काम करता है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।